कन्नौज। गर्मी बढ़ने से जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ देखने को मिली। भीड़ अधिक होने से मरीज फर्श पर बैठकर या कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते मिले। इस दौरान सबसे ज्यादा डायरिया, बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। 742 से अधिक मरीजों ने पर्चा बनवाकर ओपीडी में डॉक्टरों से दवा ली।
गर्मी का असर हर उम्र के लोगों पर पड़ रहा है। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में घमौरियां, फोड़े-फुंसी और त्वचा पर दाने निकलने की समस्या बढ़ रही है। धूप में लंबे समय तक रहने वालों में चेहरे पर काली झाइयां भी देखी जा रही हैं। जिला अस्पताल के डॉ. सैयद सलमान के मुताबिक, गर्मी और अधिक पसीने के कारण दाद (फंगल इन्फेक्शन) के मामलों में तेजी आई है। मरीजों के शरीर पर लाल चकत्ते और तेज खुजली की शिकायत आम हो गई है। आंकड़ों के अनुसार करीब 50 प्रतिशत मरीज एलर्जी से पीड़ित हैं, जबकि 33 प्रतिशत दाद के शिकार हैं।