दुकानदारों की समस्या सुनते कोतवाल व नगरपालिका के जेई।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ के अंतर्गत दूसरे दिन पीपल चौराहा से नगर के पूर्वी बाईपास तक सीमांकन कराया। सीमांकन होते ही दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। इससे फुटपाथ अपने आप खाली होने लगा। हालांकि अभी प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू नहीं की है, लेकिन लोग दहशत में आ गए हैं।
मंगलवार शाम पुलिस की देखरेख में पालिका प्रशासन ने नगर के पीपल चौराहा से पूर्वी बाईपास तक सड़क के दोनों ओर सीमांकन के रूप में पेंट्स से दुकानों पर निशान डलवाए। कहीं-कहीं तो यह निशान दुकान के काफी अंदर तक पहुंच गया। यह देख लोग दहशत में आ गए। यदि प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाकर बाकई में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया तो लोगों का काफी नुकसान होने की संभावना है।
फिलहाल इस अभियान के दूसरे दिन सिर्फ नगर के मुख्य मार्ग पर और प्रभात मार्केट के अंदर सीमांकन कर निशान लगाए गए हैं। दुकानदारों ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की फौज को देखते ही अपना अतिक्रमण स्वत: हटाना शुरू कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से सबसे बड़ा फायदा जाम की समस्या से मिला है।
मंगलवार को बाजार का दिन होने के बावजूद नगर के मुख्य मार्ग पर कहीं भी जाम की स्थिति देखने को नहीं मिली। इस संबंध में पालिका अधिकारियों ने बताया कि नाली को मानक माना गया है। नाली के ऊपर तो भी अतिक्रमण है उसे हरहाल में हटाया जाएगा।