कन्नौज। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार तड़के तेज हवा के साथ बारिश हुई, जो पूरे दिन रुक-रुककर होती रही। बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश से मौसम के मिजाज में आए बदलाव से लोग ठिठुर उठे। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आलू, मटर, सारसाें व धनिया फसल को बारिश से नुकसान हुआ है, जबकि गेहूं की फसल को फायदा है।
जिले में बुधवार तड़के करीब चार बजे तेज हवाएं चलने लगी। इसके साथ बारिश होने लगी। पूरे दिन कभी धीमें तो कभी तेज बारिश होने का सिलसिला जारी रहा।
आसमान में छाए घने बादलों को देखकर लग रहा था कि यह बारिश नहीं थमेगी। वहीं, इससे किसानों की धड़कनें तेज हो गईं। दोपहर 12 बजे थोड़ी देर के लिए बारिश रुकी तो किसान समेत लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश से जन-जीवन प्रभावित होने से नौकरीपेशा व जरूरतमंद लोग घरों से बाहर निकले। अचानक हुई बारिश ने लोगों को सर्दी का एहसास करा दिया। हल्की धूप निकलते ही लोग खुले स्थानों व छतों पर पहुुंचे। वहीं, सूरज व बादलों में दिनभर आंख-मिचौली का खेल चलता रहा। मौसम के करवट लेने के बाद लोग घरों से गर्म कपड़े, शॉल, टोपी, छाता आदि लेकर निकले। मौसम वैज्ञानिक अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। उन्होंने दो दिन तक आसमान में बादल रहने की संभावना जताई है।