कन्नौज। दहेज में पांच लाख रुपये न मिलने पर औरैया में रहने वाले पति ने परिवार के लोगों के साथ पत्नी को पीट दिया। इसके बाद तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सदर कोतवाली के क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी गुड्डू ने 24 मार्च 2019 को बेटी तरन्नूम का निकाह औरैया शहर के सत्तेश्वर तालाब निवासी वसीम के साथ किया था। निकाह के बाद से वसीम और उसके परिवार के लोग दहेज में सोने की चेन व पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
रुपये न देने पर 17 मार्च 2021 को तरन्नूम के साथ मारपीट की गई। इसके बाद वसीम ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने सदर कोतवाली में पति वसीम, सास नसीम, देवर नदीम, अंजीम, ननद गुलशन, मामू अनीश, इंतजार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।