छिबरामऊ। प्रेमी से मिलने पर पत्नी को डांटना युवक को महंगा पड़ गया। महिला के बुलावे पर पहुंचे प्रेमी ने पति के साथ गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। घायल युवक ने कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक ने बताया कि उसकी पत्नी के मोहल्ला ग्रेसीगंज निवासी युवक से अवैध संबंध हैं। उसकी अनुपस्थिति में युवक का उसके घर पर आना जाना है। घर में बड़ी-बड़ी बेटियां है, जिन पर गलत असर पड़ रहा है। इसको लेकर पत्नी को समझाते हुए डांट दिया। पत्नी की सूचना पर गुरुवार देर रात युवक उसके दरवाजे पर आकर गाली-गलौज करने लगा।
बेटियों के सामने गालियां देने से मना किया, जिस पर युवक ने उसे लाठी से पीट दिया। पत्नी से मिलने का विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चला गया। अतिरिक्त निरीक्षक बृजमोहन पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।