विकास खंड तालग्राम के लोहिया ग्राम पंचायत के मजरा
अकरमाबाद में वर्षों पुराने तालाब का सुंदरीकरण ग्राम पंचायत से कराए जाने
के बाद पूर्ण न होने पर ग्रामीणों ने धन का गबन करने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने इस बाबत नोडल अधिकारी से जांच कराने की मांग की है।
गांव
निवासी दयाशंकर, नंदराम, उपदेश सिंह, सलीम और पप्पू का कहना है कि गांव के
तालाब की छह माह पूर्व मनरेगा के मजदूरों से खुदाई कराई गई थी। इस दौरान जल
निकासी के लिए किसी भी पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। तालाब के चारों
खंभे एवं तार नहीं लगाए गए। गांव से आने वाले बरसाती पानी के लिए रैंप नहीं
बनाया गया।
इसके अलावा मुख्य गेट भी नहीं बना। तालाब में पौधरोपण का कार्य
भी नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप था कि कार्यदायी संस्था का बोर्ड भी नहीं
लगाया गया। ग्रामीण मान सिंह, अमरपाल, अमर सिंह और इकबाल का कहना है कि
हाईकोर्ट के निर्देश हैं कि तालाबों के रखरखाव पर किसी तरह की लापरवाही न
बरती जाए, पर प्रधान व सचिव की लापरवाही से जगह-जगह काई से हरा मैदान दिख
रहा है।
आसपास गंदगी का साम्राज्य है। लाखों रुपये खर्च होने के बाद स्थित
जस की तस है। ग्रामीणों ने मांग की कि आदर्श तालाब की अफसरों से जांच कराई
जाए। इस बाबत प्रधान राम कटोरी बाथम का कहना है कि उनको इस बाबत जानकारी
नहीं है। ग्राम पंचायत अधिकारी से इस बाबत जानकारी लेंगे।