छिबरामऊ। दुकानों पर बांट और कांटों से कम तौलने या निर्धारित दर से अधिक वसूली की शिकायतों के बीच बांट-माप विभाग ने मंगलवार को छिबरामऊ व सौरिख में औचक निरीक्षण और छापा मारा।छापेमारी की। टीम ने फल-सब्जी, सीमेंट, किराना, पेंट समेत 30 दुकानों की जांच की।नियमों का उल्लंघन मिलने पर पांच दुकानदारों पर कार्रवाई की गई।
बांट माप अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान दो पेंट, दो किराना और एक मिठाई की दुकान में अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की गई। टीम ने दुकानदारों को बांट-माप संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सिलेंडर लेकर जाने वाले ग्राहकों तथा दूध और सिगरेट की दुकानों पर ओवरचार्जिंग की भी जांच की गई। कार्रवाई के बाद देर शाम बांट माप अधिकारी ने गुड मंडी में उप्र उद्योग व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता उर्फ लालू के प्रतिष्ठान पर व्यापारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने व्यापारियों को निर्देश दिया कि दुकान में इस्तेमाल होने वाले सभी बांट और कांटों का निर्धारित समय पर सत्यापन कराकर मोहर लगवाएं। सत्यापन न होने पर चालान और जुर्माने की कार्रवाई हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांटों के सत्यापन से संबंधित प्रमाणपत्र सुरक्षित रखना और प्रदर्शित करना जरूरी है ताकि निरीक्षण के दौरान सत्यापन संबंधी अभिलेख प्रस्तुत किए जा सकें।
मिठाई तौलते समय डिब्बे का वजन अलग करना जरूरी
अधिकारी ने मिठाई विक्रेताओं को विशेष रूप से निर्देश दिया कि मिठाई तौलते समय डिब्बे या पैकिंग का वजन अलग किया जाए और ग्राहक को केवल मिठाई के वजन के अनुसार ही सामग्री दी जाए। विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।