फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम की मार : ओपीडी में 648 मरीज पहुंचे

विज्ञापन
विज्ञापन
कन्नौज। जिले में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला है। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम की हल्की ठंड पड़ रही है। इस कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है, जिससे अस्पतालों में भीड़ उमड़ रही है। जिला अस्पताल सहित विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। ओपीडी में चिकित्सक कक्षों के बाहर भी लंबी कतारें लग रही हैं। मरीजों को जांच और इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को मरीजों की संख्या सामान्य दिनों से डेढ़ गुना बढ़ गई। अस्पताल की ओपीडी में 648 मरीज पहुंचे, जिनमें अधिकांश बुखार, खांसी, जुकाम और त्वचा संक्रमण से पीड़ित थे।
विज्ञापन

बदलते तापमान का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। हवा में नमी और तापमान में अचानक बदलाव से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो रही है। इसके चलते वायरल बुखार और सांस संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शक्ति बसु ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने दवा वितरण काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सक लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और बाहर के कटे फलों या बासी भोजन से बचें। सुबह और शाम के समय हल्के गर्म कपड़े पहनना जारी रखें। इसी समय ठंड लगने की संभावना सबसे अधिक होती है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी। इससे वायरल संक्रमण का खतरा बना रहेगा। आरोग्य मेलों में भी हजारों की संख्या में लोग अपनी जांच कराने पहुंच रहे हैं। बुखार या गले में खराश होने पर खुद दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें