बाल स्वास्थ्य पोषण माह को सफल बनाने के लिए सीएमओ कार्यालय में जिले भर की एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने विटामिन ए की खुराक के अलावा टीकाकरण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
सोमवार को सीएमओ कार्यालय में डिप्टी सीएमओ डा. रमेश चंद्रा, मंडल कोआर्डीनेटर डा. पंकज श्रीवास्तव, ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की सुमन सिंह और प्रियंका ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि विटामिन ए की खुराक बच्चों को अवश्य देनी चाहिए।
यह शरीर मे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है। बच्चों में खसरा, मलेरिया, डायरिया, निमोनिया तथा रतौंधी जैसे रोगों से बचाव करता है। मानसिक व शारीरिक विकास में भी यह खुराक सहायक होती है। बच्चे में विटामिन ए की कमी को दूर करने के लिए मां का पहला गाढ़ा दूध पिलाएं।
छह महीने की उम्र से बच्चों को विटामिन ए युक्त पूरक अहार जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, पीले रंग की सब्जियां, पीले और नारंगी रंग के फल दें। यदि संभव हो तो अंडा, मांस, मछली भी खिलाएं। नौ माह से पांच वर्ष तक की उम्र में छह माह के अंतराल पर विटामिन ए की नौ खुराक अवश्य दिलाई जाएं।
बच्चे को बुखार आ रहा हो तो विटामिन ए की खुराक न दी जाए। पिछले पांच माह में विटामिन ए की खुराक यदि दी जा चुकी है तो उसे दोबारा समय के पहले खुराक न दें।
आयरन की खुराक से खून की कमी दूर होती है। बच्चों की समझ, व्यवहारिक तथा शारीरिक विकास में बढ़ोत्तरी होती है। बीमारियों के संक्रमण से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। शारीरिक कार्यक्षमता मे भी वृद्धि होती है। आयरन की कमी को दूर करने के लिए छह महीने तक के बच्चे को लेकर स्तनपान ही कराया जाए।
छह माह से अधिक आयु वाले शिशु, किशोर, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं को आयरन युक्त अहार दिए जाएं। खुराक पिलाने से पहले बोतल में अंतिम तिथि को जांच लें। आयरन पालक, दाल, गुड़, मुर्गे के गोश्त में अधिक पाया जाता है।
आशा कार्यकत्रियों को दिया प्रशिक्षण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सोमवार को गर्भवती महिलाओं की देखभाल के लिए आशाओं को एक दिन का प्रशिक्षण दिया गया। कम्युनिटी कोआर्डीनेटर आनंद यादव व सीएचसी प्रभारी डा.अजय यादव ने सामूहिक रुप से तालग्राम ब्लाक में तैनात आशाओं को प्रशिक्षण दिया।
बताया कि गर्भवती महिलाओं का प्रतिमाह चेकअप करे। समय से प्रसव के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर महिलाओं को लाएं। किसी प्रकार की समस्या होने पर डाक्टरों से परामर्श करें। इस दौरान सुरेश चतुर्वेदी, पूजा यादव, यासमीन, मीना बेगम, रेखा राजपूत मौजूद रहीं।