ट्रैक्टर लगाकर यमुना एक्सप्रेस वे जाम करते गोवा गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
गोवा-नदसिया मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया और गांव में पानी भरने से खफा ग्रामीणों ने सोमवार को निर्माणाधीन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर आडे़-तिरछे ट्रैक्टर खडे़ कर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि एक्सप्रेस वे के ठेकेदारों की लापरवाही से यह हुआ है। ग्रामीणों का रुख देखकर अधिकारियों ने तुरंत जेसीबी से सफाई शुरू कर है और पुलिस ठीक कराने का भी आश्वासन दिया है। सोमवार को यमुना एक्सप्रेस वे की ओर से डाले गए मलबे से गोवा-नदसिया मार्ग में बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई।
सोमवार को हुई बारिश से पुलिया और गोवा गांव में पानी भर गया। इससे अंडरपास भी जलमग्न हो गया। गांव से बाहर निकलने के रास्ते पर पानी भरा देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्राम प्रधान कुलकांत तिवारी की अगुवाई में गांव के मोहित, सियाराम, बालकराम, राकेश, पूर्व प्रधान राजेंद्र दिवाकर, जयवीर, मलखान, अजय सिंह, नीतू, सिपाहीलाल, इसरार, सुरेंद्र, चंद्रपाल, परशुराम आदि ने ट्रैक्टरों की मदद से निर्माणाधीन यमुना एक्सप्रेस वे जाम कर दिया।
ग्रामीणों के ठेकेदार से जलभराव की समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की। ग्रामीणों का उग्र रूप व जाम लगाने की घटना से कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी। उच्चाधिकारियों के आदेश पर तत्काल जेसीबी को मौके पर भेजकर जलभराव की समस्या के निदान के लिए खुदाई कार्य शुरू करा दिया गया है। साथ ही पुलिया निर्माण का भी आश्वासन दिया है। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।