रविवार को भारी वाहनों के घुसने से कस्बे में लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में रविवार को पूरे दिन रुक-रुककर जाम लगता रहा। इसमें फंसे लोग पुलिस प्रशासन को कोसते नजर आए। जाम के चलते पूरे दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कस्बा में अब जाम लगना आम बात हो गई है। पुलिस की लचर व्यवस्था और डग्गामार वाहन चालकों की मनमानी से जाम लगा रहता है। रविवार सुबह से जाम लगना शुरू हुआ तो यह देर शाम तक चलता रहा। ईद के त्यौहार व शादी विवाह के लिए खरीदारी करने आए लोग इससे परेशान रहे।
जाम की वजह से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। फुटपाथ पर फिर से अतिक्रमण हो जाने व टेंपो, मैजिक आदि के कस्बा में घुस आने और दुकानों के सामने वाहन खड़ा कर सवारियां भरने की होड़ में जाम लगता रहा। स्थानीय कोतवाली में कई बार हुई बैठकों में टेंपो-मैजिकों के कस्बा में घुसने से रोक लगाने के आश्वासन के बाद भी इस पर अभी तक अमल नहीं किया गया है। साथ ही नो-इंट्री के बाद भी भारी वाहनों के घुस आने से जाम लगा रहता है।
इसको लेकर व्यापार मंडल जिला महामंत्री राजेश गुप्ता, नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कौशल, श्रीनिवास प्रजापति आदि व्यापारी नेताओं ने नो इंट्री को प्रभावी ढंग से लागू कराने की मांग की है।