ग्रामीण पेयजल योजना के तहत क्षेत्र के ग्राम नौली में एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। गांव में अधिकतर हैंडपंप भी सूख गए हैं। ऐसे में ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट छाया हुआ है। आक्रोशित ग्रामीणों ने जलनिगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
बुधवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौली में गांव की महिलाओं ने हैंडपंप के पास खाली डिब्बा और बाल्टी रखकर प्रदर्शन किया। गांव के ब्रजमोहन सिंह ने बताया कि ग्रामीण पेयजल योजना के तहत गांव में ओवरहेड टैंक बनवाया गया है। इससे ग्राम पंचायत के सात मजरे उदयपुर, नगला खजुरिया, नगला कायस्थान, गनेशापुर, कासिमपुर, नौली, नंदपुर, महोई आदि गांवों में आपूर्ति की जाती है। पिछले एक सप्ताह से इस ओवरहेड टैंक से एक बार भी पानी की सप्लाई नहीं दी गई। इन सभी गांवों में लगभग दो दर्जन से अधिक हैंडपंप लगे हैं, जिनमें 18 हैंडपंप सूख गए हैं और कई रीबोर की स्थिति में हैं।
ग्रामीणों ने कई बार जलनिगम के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जलनिगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।
इस दौरान अनिल कुमार, रामनिवास, रीता, मुनीराम, रामपाल, सुभाष, अमर सिंह, सुनीता देवी, जयवंती, राजेंद्र सिंह, अशोक कुमार, श्रीराम, रामेंद्र व मनोज आदि रहे।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
ग्राम पंचायतों में खराब और रीबोर हैंडपंपों की सूची ब्लाक मुख्यालय से मांगी गई है। शासन द्वारा हैंडपंपों की मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध करा दिया गया है। शीघ्र ही सभी हैंडपंप सही कर दिए जाएंगे। ग्रामीण पेयजल योजना के तहत ओवरहेड टैंक से दिन में तीन बार सप्लाई देने के निर्देश सभी आपरेटरों को दिए गए हैं।-
वीकेश कुमार, अवर अभियंता जलनिगम।