ठठिया। क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। सौ से अधिक ग्रामीण बिजली घर पहुंचे और अधिकारियों के सामने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने और लो-वोल्टेज बेहद कम होने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी चरम पर है। वहीं दूसरी ओर बिजली की कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। सबसे अधिक संकट किसानों के सामने है, क्योंकि लो-वोल्टेज के कारण खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही। सबमर्सिबल ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, जिससे फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन और बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता और किसान भुगत रहे हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर सपा नेता अवनीश यादव और सुखेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बिजली विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में खुशी लाल, अजय यादव, शाहरुख खान, फैमुद्दीन, नीरज, अमित यादव आदि मौजूद रहे।