हसेरन। भीषण गर्मी के बीच नादेमऊ क्षेत्र में गहराए बिजली और पानी संकट को लेकर ग्रामीणों और व्यापारियों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग तिराहे के पास रखे ट्रांसफार्मर के निकट एकत्र हुए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हालात यह हैं कि एक घंटे भी लगातार बिजली नहीं मिल पा रही है। दिन-रात हो रही कटौती और लो-वोल्टेज से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी में लोग एक-एक बूंद पानी के लिए परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बनी पानी की टंकी से पिछले करीब छह माह से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे पीने के पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान राजीव उर्फ पिंटू गुप्ता, डॉ. राहुल यादव, लवली गुप्ता, घासीराम बाथम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। एसडीओ अगस्त मौर्य ने बताया कि सभी लाइनमैनों को रोस्टिंग के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।