वेयर हाउस का निरीक्षण करते जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, साथ में एडीएम यूसी उपाध्याय व अन्य।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। 1.29 करोड़ रुपये की लागत से कलक्ट्रेट परिसर में बन रहे वीवीपैट मशीन वेयर हाउस के निर्माण में जिलाधिकारी को कई खामियां मिलीं। दीवार टेढ़ी और छत समतल नहीं दिखी। प्लास्टर की गुणवत्ता भी खराब थी। काम में इस स्तर की लापरवाही देख डीएम रवींद्र कुमार ने जेई पीडब्ल्यूडी को फटकार लगा दी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी। डीएम ने निर्माण कार्य की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन एडीएम की अध्यक्षता में किया है। विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर जांच कराने के लिए कहा है।
जिले में वीवीपैट मशीनों को रखने की स्थायी व्यवस्था के तहत कलक्ट्रेट परिसर में जिला निर्वाचन कार्यालय के पास वीवीपैट मशीन वेयर हाउस का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को दी गई है। बुधवार को जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने वेयर हाउस के निरीक्षण के लिए लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन प्रेम प्रकाश और जेई को बुलाया। सिर्फ जेई ही पहुंचे। डीएम को वेयर हाउस की दीवार और छत में खामी मिली। दीवार टेढ़ी थी। छत समतल नहीं थी। प्लास्टर की गुणवत्ता मानक के अनुरूप नहीं दिखी। डीएम ने जेई से सवाल किए तो वह सही जवाब नहीं दे सके। इस पर डीएम ने जेई को फटकार लगा दी।
उन्होंने निर्देश दिए कि जो अधिकारी लापरवाही बरते रहे, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। निरीक्षण के दौरान एक्सईएन को गैरहाजिर पाकर एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि काम में मानक एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। निर्धारित समय सीमा के अंदर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए।
जिलाधिकारी ने एडीएम यूसी उपाध्याय की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन कर निर्माण कार्य की जांच के निर्देश दिए। कमेटी में दो एक्सईएन और दो सहायक अभियंताओं को शामिल करने के लिए कहा है। उन्होंने जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को अपने स्तर पर निर्माण कार्य की जांच कराने के लिए पत्र भेजा है।