कन्नौज। परिवहन विभाग की यात्री कर अधिकारी ने बुधवार को छिबरामऊ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को सीज कर दिया।
स्कूली बच्चों को ले जा रही एक निजी वैन को सीज किया गया। वैन में बिना अनुमति के एलपीजी किट लगी पाई गई। बिना परमिट, बिना फिटनेस के संचालित वैन का टैक्स भी जमा नही था। कार्रवाई होते देख वैन चालक बच्चों को वैन में छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद महिला अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन से बात कर दूसरी गाड़ी बुलवाकर बच्चों को स्कूल भिजवाया। इस दौरान एक प्राइवेट बस को भी सीज किया गया, जो गुड़गांव व दिल्ली के लिए संचालित हो रही थी। बस में क्षमता से अधिक 70 सवारियां थी। परमिट नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बस को सीज कर दिया गया। यात्री कर अधिकारी सुनीता सैनी ने बताया कि कोई भी चालक नियम विरुद्ध वाहन न चलाएं। अभिलेख अपूर्ण होने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।