भारत की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी से 31 मार्च तक तेजस के कोचों के साथ तेजस एक्सप्रेस के नाम से चलेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलती है। इसके अलावा आनंद विहार से अगरतला के बीच राजधानी एक्सप्रेस का संचालन भी 15 फरवरी से शुरू होगा।
आईआरसीटीसी की इस ट्रेन में भी तेजस एक्सप्रेस के कोच लगे होंगे। अगरतला-आनंद विहार राजधानी स्पेशल एक्सप्रेस (02501) 15 फरवरी से सोमवार को अगरतला से शाम 7:25 बजे छूटेगी। तीसरे दिन बुधवार को सुबह 5:30 बजे कानपुर सेंट्रल आएगी।
5:35 बजे छूटकर सुबह 10:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन (02502) आनंद विहार से 17 फरवरी से हर बुधवार को शाम 7:50 बजे चलेगी। कानपुर सेंट्रल पर देर रात 12:40 बजे आएगी और पांच मिनट बाद छूटेगी। शुक्रवार दोपहर 12:40 बजे अगरतला पहुंचेगी।
इसमें 11 एसी थर्ड, तीन एसी सेकेंड, एक एसी फर्स्ट कोच व पैंट्रीकार होगी। यह ट्रेन अगरतला से चलकर आमबासा, धर्मनगर, न्यू करीमगंज, बदरपुर, होजाई, गुवाहाटी, रंगिया, बरपेटा रोड, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बरौनी, पाटलिपुत्र, पंडित दीनदयाल जंक्शन पर भी रुकेगी।
मेंटीनेंस के लिए जा रहे वंदे भारत के कोच
15 फरवरी से देश की सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (02435/02436) में सभी कोच तेजस एक्सप्रेस के होंगे। यह ट्रेन भी तेजस एक्सप्रेस के नाम से 31 मार्च तक चलेगी। एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस की रेक यानी सभी कोच मेंटीनेंस के लिए जा रहे हैं। तब तक तेजस के कोच ही इस ट्रेन में लगेंगे।