इंदरगढ़(कन्नौज)। कोविड संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए पहुंची वैक्सीनेशन टीम को देख ग्रामीणों ने दरवाजे बंद कर लिए। सूचना पर पहुंचे एसडीएम, पुलिस ने लोगों को जागरूक कर टीकाकरण शुरू कराया।
लोगों को कोविड संक्रमण से बचाने के लिए सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य टीम वैक्सीनेशन के साथ ही कोविड जांच के लिए गांव-गांव पहुंच रही है। वहीं सोमवार को थाना इलाके के कलसान गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम को देख ग्रामीणों ने टीकाकरण का विरोध कर दिया। इन्होंने दरवाजे बंद कर लिए। चिकित्सा अधीक्षक जगदीश निर्मल की सूचना पर एसडीएम जयकरन के साथ पुलिस बल गांव पहुंचा। एसडीएम ने ग्रामीणों से कहा कि वैक्सीन से कोई खतरा नहीं है। वैक्सीन सभी को लगवा लेनी चाहिए। वैक्सीनेशन से ही कोविड संक्रमण पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के बाद भी मास्क का प्रयोग करें। भीड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। डॉ.जगदीश निर्मल ने बताया कि टीम को देखकर लोग विरोध करने लगे थे। जागरूक करने के बाद गांव के करीब 25 लोगों ने वैक्सीन लगवाई।
औसेर गांव में नहीं कराया टीकाकरण
तिर्वा। थाना ठठिया के औसेर गांव के लोग कोविड संक्रमण को देखकर भी जागरूक नहीं हैं। चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन शर्मा ने बताया कि सोमवार को औसेर गांव में टीम टीकाकरण करने गई थी। लोगों ने वैक्सीनेशन का विरोध कर दिया। टीम ने लोगों को संक्रमण के चलते जागरूक किया। इसके बाद एक व्यक्ति टीकाकरण के तैयार हुआ था। एक साथ दस लोगों को वैक्सीन दिए जाने से उसे भी नहीं लग पाई।