कन्नौज। मुख्य स्टोर में वैक्सीन की कमी अस्पतालों में भी देखने को मिली। जिला अस्पताल में वैक्सीन खत्म होने पर यहां पहुंचे लोगों ने हंगामा किया। यहां 200 लोगों को डोज लगनी थी। 144 के लगने के बाद वैक्सीन समाप्त हो गई। वहीं जिले के अन्य अस्पतालों में भी कोरोना वैक्सीन कम उपलब्ध कराई गईं। इससे लक्ष्य के सापेक्ष वैक्सीन नहीं लगाई जा सकीं।
जिले में कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए लोग वैक्सीन लगवाने के लिए सक्रिय हो गए हैं। मंगलवार को जिले के मुख्य स्टोर में वैक्सीन की कमी रही। इसके चलते सीएचसी के स्टोर में स्टाक नहीं पहुंच सका। जिला अस्पताल में वैक्सीन की कमी के चलते टीका लगवाने पहुंचे लोगों को मायूस होना पड़ा। स्लॉट बुक कराने के बाद भी लोगों को वैक्सीन नहीं लग सकी। इससे इन्होंने स्टाफ के सामने हंगामा किया। कर्मचारियों ने दूसरे दिन वैक्सीन लगवाने के लिए आने का भरोसा देकर शांत कराया।
जिला अस्पताल में दो बूथ हैं। यहां 200 लोगों को वैक्सीन लगाने के लिए 20 वॉयल दी जाती हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल को 14 वॉयल दी गईं। यहां पर 144 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद जिला अस्पताल में स्टाक खत्म हो गया। विनोद दीक्षित चिकित्सालय के कोल्ड चेन हैंडलर शशिकांत वर्मा ने बताया कि उनके यहां तीन वॉयल बची हैं। अस्पतालों में मंगलवार को कम डोज भेजी गईं। वहीं मुख्य जिला स्टोर में 20 वायल बचा कर रखी गईं। यही हाल जिले के अन्य वैक्सीनेशन सेंटरों का रहा। जहां 200 को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य था, वहां 140 लोगों के लिए ही उपलब्ध कराई गईं। कोरोना वैक्सीन सीएचसी कन्नौज, जिला अस्पताल, सीएचसी जलालाबाद, गुगुरापुर, तालग्राम, 100 बेड छिबरामऊ, सीएचसी छिबरामऊ, सीएचसी सौरिख, सीएचसी हसेरन, सीएचसी उमर्दा व तिर्वा के मेडिकल कालेज में वैक्सीन लगाई जाती है।
कानपुर से कम मिल रहीं वैक्सीन
सीएमओ डॉ. विनोेद कुमार का कहना है कि वैक्सीन की कमी हो रही है। जिले में 10 हजार लोगों को प्रतिदिन वैक्सीन लगती थी। अब तीन से पांच हजार लोगों को लग रही है। अस्पतालों को कम वैक्सीन दी जा रही है। किसी तरह काम चलाया जा रहा है।
कानपुर के लोग स्लॉट बुक कर लगवा रहे
कानपुर में मारामारी के चलते यहां के लोग कन्नौज में स्लॉट बुक कर वैक्सीन लगवा रहे हैं। कहा जा रहा है कि इसके चलते जिले के लोगों को दिक्कत हो रही है। ऑनलाइन व्यवस्था होने से स्वास्थ्य विभाग मना नहीं कर सकता। इससे जिले के लोग वैक्सीन से वंचित हो रहे हैं।
रात में कानपुर से आएगी कोरोना वैक्सीन
कोरोना वैक्सीन की कमी दूर करने के लिए कर्मचारी को कानपुर भेजा गया है। वह रात में वैक्सीन लेकर जिला स्टोर पहुंचेगा। यहां से सीएचसी की कोल्डचेन को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद अस्पतालों को भेजी जाएगी। हर रोज जिला मुख्यालय से वाहन भेज कर वैक्सीन मंगाई जाती है।