कन्नौज। बोर्डिंग मैदान पर कांवड़ियों और पुलिस के बीच शुक्रवार रात हुए विवाद का शोर भले ही थम गया है पर एक सवाल अब भी हवा में तैर रहा है। सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह के इस्तीफे का क्या हुआ। जिस घोषणा ने मौके पर उग्र होते माहौल को शांत कराया, वही अब चर्चा और जिज्ञासा का विषय बन गई है।
विवाद के दौरान कांवड़ियों के आक्रोश के बीच सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने सार्वजनिक रूप से पद छोड़ने की बात कही थी। इसके बाद माहौल नरम पड़ा और मामला आगे नहीं बढ़ा और बिलग्राम से आए कावड़ियों ने बाबा गौरी शंकर मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी इस्तीफे को लेकर कोई औपचारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एसपी विनोद कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों से बात कर मामले का पटाक्षेप कर दिया गया है। अब कोई गतिरोध नहीं है। हरदोई से आ रहे कांवड़ियों के साथ आए अराजकतत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था।