विशुनगढ़। मैनपुरी जिले में शनिवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई और साथी घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
कस्बे के मोहल्ला नुनार निवासी अर्जुन (22) साथी नारायण (17) के साथ बाइक से जा रहा था। मैनपुरी जिले के थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम रठेह के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
वहां इलाज के दौरान अर्जुन की मौत हो गई, जबकि नारायण का आईसीयू में है। अर्जुन की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक अर्जुन चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।