आगरा-लखनऊ ग्रीन एक्सप्रेस वे के तहत तिर्वा क्षेत्र
में दो फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। यह फ्लाई ओवर
तिर्वा-कन्नौज मार्ग पर रतापुर्वा गांव के सामने व तिर्वा-ठठिया मार्ग पर
कड़ेरा गांव के पास बनाए जा रहे हैं। कन्नौज में बन रहे 64 किमी लंबे
एक्सप्रेस-वे के निर्माण का काम दिसंबर 16 तक पूरा कर लिया जाएगा।
आगरा-लखनऊ
एक्सप्रेस वे के निर्माण में जुटी कार्यदायी संस्था एफकान के प्रोजेक्ट
मैनेजर श्रीकृष्णामूर्ति ने मंगलवार की दोपहर पत्रकारों को बताया कि उनकी
कंपनी कन्नौज जिले में 64 किमी लंबे मार्ग का निर्माण करा रही है। इसका
कुल बजट 2200 करोड़ रुपये है।
यह एक्सप्रेस वे छह लेन का बनाया जा रहा, पर
इसमें एक लेन की संभावना के चलते इसकी चौड़ाई 110 मीटर की गई है। छह लेन के
मध्य में डिवाइडर बनेगा। दोनों ओर तीन-तीन लेन के मार्ग होंगे। इन तीनों
मार्गों की चौड़ाई 18 मीटर होगी। इसके अलावा 3.75 का डामरीकृत फुटपाथ व
1.50 मीटर का कंकरीट फुटपाथ निर्मित किया जा रहा है।
कंपनी के एचआर मैनेजर
प्रमोद कुमार व प्लानिंग मैनेजर अवधेश शुक्ला, सीनियर प्लानिंग मैनेजर आमिर
जैदी ने बताया कि कन्नौज में एक्सप्रेस वे में चौदह बड़े अंडरपास दिए
जाएंगे। यह अंडरपास तिर्वा-कन्नौज मार्ग, तिर्वा-ठठिया मार्ग,
भदौसी-मकनपुर मार्ग व छिबरामऊ तालग्राम मार्ग पर होंगे।
इसके अलावा कन्नौज
जिले में ईशन नदी पर चार बड़े पुल का निर्माण होगा। तीन पुल उन्नाव जनपद की
सीमा में निर्मित हो रहे हैं। एक बड़ा पुल 750 मीटर लंबा कन्नौज-उन्नाव
जनपद की सीमा पर गंगा ब्रिज के नाम से निर्मित हो रहा है। पूरे जिले में
तीन टोल बूथ बनाए जा रहे हैं।
इनमें एक बूथ फगुहा में, एक भदौसी के पास व
एक छिबरामऊ में बनेगा। इसके अलावा 26 स्थानों पर छोटे अंडर पास दिए जा रहे
हैं। जिनसे ट्रैक्टर व वाहन निकल सकें। 128 स्थानों पर पानी को क्रास
देने के लिए छोटी पुलियों का निर्माण कराया जा रहा है। बताया कि एक्सप्रेस
वे के निर्माण में मिट्टी का काम 50 फीसदी पूरा कर लिया गया है।
दस किमी तक
थ्री लेन गिट्टी डालने का कार्य पूरा हो गया है। प्रोजेक्ट मैनेजर के
मुताबिक, शासन से मिले निर्देशों के तहत दिसंबर 16 तक कन्नौज जिले में
एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा।