इज्जतनगर मंडल के फर्रुखाबाद, कानपुर अनवरगंज रेल खंड के वार्षिक निरीक्षण पर कन्नौज स्टेशन पहुंचे महाप्रबंधक का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन व परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
करीब 2.45 पर विशेष ट्रेन से कन्नौज स्टेशन पहुंचे पूर्वोतर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने व्यवस्था देखी। इस दौरान प्लेटफार्म पर पेयजल व सफाई व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। उनके साथ ही महकमें के दर्जनों आला अफसर भी कन्नौज स्टेशन पहुंच गए।
सुबह से ही अफसरों की भीड़ लगी रही। प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि पांच साल के अंदर पूर्वोतर रेलवे के सभी मानव रहित क्रासिंगों को बंद किया जाएगा। इसके लिए ओवरब्रिज व अन्य मार्गों की व्यवस्था की जाएगी। कासगंज से बरेली अमान परिवर्तन पर काम होने की भी जानकारी दी।
डबल लाइन बिछाने, आए दिन इंजनों के फेल होने व नई ट्रेनों के बढ़ाने की मांग पर उन्होंने बजट पेश होने के बाद इस पर गौर करने की बात कही। ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में उनका कहना था कि समय-समय पर विभाग अभियान चलाता है।
इसके अलावा महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोकथाम के लिए हाईटेक उपाय भी अपनाए जा रहे हैं। डीजल के दाम घटने से किराया व भाड़े में कटौती के सवाल पर भी बचते रहे।
इस मौके पर रेल संरक्षा आयुक्त पीके बाजपेई, मुख्य प्रशानिक अधिकारी निर्माण ओमकार सिंह, प्रमुख मुख्य इंजीनियर ओपी अग्रवाल, प्रमुख नियंत्रक एसपी वर्मा, मुख्य यात्रिक इंजीनियर अनिल शर्मा, मुख्य कार्मिक अधिकारी एसएमएन इस्लाम, मुख्य विद्युत इंजीनियर आरपी निवासरिया, मुख्य लेखाधिकारी बृजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
जसोदा रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने रंगरोगन व सफाई व्यवस्था बेहतर मिलने पर स्टेशन अधीक्षक को 20 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की।
इस मौके पर स्टेशन के रिले कक्ष, शौचालय, प्लेटफार्म व परिसर का निरीक्षण किया। स्टेशन अधीक्षक पी. एन. बाजपेई से पेयजल व्यवस्था के बारे में पूछताछ की और प्लेटफार्म पर लगे हैंडपंप चलाकर देखा। परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
महाप्रबंधक के दौरे के मद्देनजर कन्नौज स्टेशन पर एलसीडी टीवी व आटो एनांउस सिस्टम लगाया गया। इससे यात्रियों को ट्रेनों के आने की लोकेशन की डिजिटल जानकारी दी जा रही थी। वहीं एनाउंस के जरिए लोगों को स्टेशन पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने को जागरूक किया जा रहा था।
महाप्रबंधक की ट्रेन के कानपुर की ओर रवाना होते ही स्टेशन परिसर में लगी एलसीडी को उतार लिया गया। यही नहीं आटो एनांउस सिस्टम भी हटा लिया। जगह-जगह रखवाए गए कूड़ादानों को भी हटाने व सुरक्षित रख लिए जाने से यात्रियों में तरह-तरह की चर्चा रही।