फोटो :10: तिर्वा के मोहल्ला गांधी नगर में खुले बिजली बॉक्स। संवाद
तिर्वा। कस्बे में बिजली के तारों को भूमिगत कर सुरक्षित आपूर्ति देने की योजना अब लोगों की जान के लिए खतरा बन गई है। जगह-जगह खुले पड़े डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स में करंट दौड़ रहा है और उनके भीतर लगे बिजली के उपकरण व खुले तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इन बॉक्सों के आसपास से रोजाना बच्चे, महिलाएं और मवेशी गुजरते हैं, लेकिन जिम्मेदार हादसे की आशंका के बावजूद बेपरवाह बने हुए हैं।
करीब 12 वर्ष पहले कस्बे में ओवरहेड बिजली लाइनों से होने वाले फॉल्ट और बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अंडरग्राउंड केबल व्यवस्था शुरू की गई थी। इसके तहत उपभोक्ताओं तक बिजली पहुंचाने के लिए कस्बे में करीब 65 स्थानों पर डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स स्थापित किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर शुरुआत में इन बॉक्सों पर मजबूत ढक्कन और ताले लगाए गए थे। इनकी चाबियां विभागीय अधिकारियों और लाइनमैन के पास रहती थीं, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति बिजली के उपकरणों से छेड़छाड़ न कर सके।
अब देखरेख के अभाव में व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। अधिकांश डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स के दरवाजे टूट गए हैं और कई के ताले गायब हैं। खुले बॉक्सों में बिजली के तार और उपकरण साफ दिखाई देते हैं। इनकी असुरक्षित स्थिति से न केवल करंट लगने का खतरा बना हुआ है, बल्कि बिजली चोरी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। कोई भी व्यक्ति अनजाने में इनके संपर्क में आकर जानलेवा हादसे का शिकार हो सकता है। एसडीओ अरविंद गुप्ता ने बताया कि जल्द ही खुले पड़े सभी डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स को बंद कराया जाएगा।
केबल में फॉल्ट खोजने में होती परेशानी
अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आने पर कर्मचारियों को भी मरम्मत कार्य में परेशानी का सामना करना पड़ता है। फॉल्ट को खोजने में कर्मचारियों को कई घंटे लग जाते हैं। ऐसे में कर्मचारी तो परेशान होते ही हैं। साथ ही, उपभोक्ताओं को बिजली न आने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।