तालग्राम। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह छह बजे पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा पलट गई। हादसे में पिकअप पर सवार युवक की मौत हो गई जबकि चालक सहित दो लोग घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
सदर क्षेत्र के शेखपुरा निवासी फैसल (20) भैंस खरीदने और बेचने का काम करता था। सुबह फैसल मोहल्ले के पिकअप चालक सद्दाम हुसैन (34) और जुबैर (23) के साथ भैंस बेचने के लिए पिकअप से तालग्राम जा रहा था। छह बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम के ग्राम बिचपुर्वा के निकट पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए यूपीडा एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां पर फैसल की मौत हो गई और दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।