छिबरामऊ से एक समारोह से लौट रहे कार सवार पांच लोग सोमवार देर रात कार समेत तिर्वा कोतवाली के सामने स्थित एक गहरे तालाब में जा गिरे। कोतवाली के सामने मौजूद सीओ तिर्वा ने दुर्घटना देख शोर मचाया। आनन-फानन में पांच सिपाही रस्सा लेकर तालाब में कूदे और डूब रहे चार लोगों को तालाब से बाहर निकाला। एक युवक का पता नहीं चला। मंगलवार सुबह से शाम तक गोताखोरों की टीम लगी रही, लेकिन युवक नहीं मिला।
ठठिया थाना क्षेत्र के खुशुअनपुर्वा गांव निवासी अनिल यादव अपनी बहन का तिलक लेकर छिबरामऊ थाना क्षेत्र के महमूदपुर खास गांव गए थे। रात 11:30 बजे अनिल यादव अपने मित्र सुनील उर्फ गौतम, पवन कुमार व 12 वर्षीय छात्र उदय तथा सरायमीरा निवासी रवी कुमार वर्मा के साथ आईटेन कार से महमूदपुर खास गांव से रवाना हुए। रात्रि 12:30 के करीब उनकी कार कोतवाली के पास अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी।
उसी दौरान सीओ तिर्वा सुरेंद्रपाल सिंह जनपदीय चेकिंग के लिए निकले थे। उनकी कार तिर्वा कोतवाली में खड़ी थी। अनियंत्रित कार को तालाब में गिरते देख उन्होंने कोतवाली में मौजूद पुलिस कर्मियों को आवाज दी। कोतवाली में फायर सर्विस के एचसीपी रामबाबू व सिपाही गोमती, कोतवाली के मुंशी सुशील कुमार, सीओ के गनर शशिकांत व कार चालक प्रवीन कुमार, रस्सा लेकर तालाब की ओर दौड़े।
सबसे पहले कार में मौजूद छात्र उदय (12) को गनर प्रवीन कुमार ने गोद में उठाकर तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद अनिल यादव, सुनील उर्फ गौतम व पवन कुमार को बाहर निकाला गया। करीब एक घंटे बाद जब बालक उदय को होश आया तो उसने सीओ को बताया कि कार रवी कुमार चला रहा था। कार भी उसी की थी।
छात्र के जानकारी देने के बाद रवी कुमार की तलाश शुरू हुई। मंगलवार सुबह छह बजे के करीब फिर से खोजबीन का अभियान शुरू हुआ। लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में जिला मुख्यालय से पांच गोताखोरों की टीम घटनास्थल पर भेजी गई। गोताखोरों ने भी सुबह से देर शाम तक काफी प्रयास किया, पर गायब रवी कुमार का पता नहीं चल सका।
सर्राफा व्यवसाई है लापता युवक
हादसे में लापता रवी कुमार वर्मा (26) की कन्नौज में तिर्वा रोड पर सर्राफे की दुकान है। उनके पिता विजय कुमार वर्मा आर्यावर्त ग्रामीण बैंक कमालगंज (फर्रुखाबाद) में शाखा प्रबंधक हैं। मौजूदा समय में वह कन्नौज के सरायमीरा में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं।
दुर्घटना की जानकारी पाकर शाखा प्रबंधक परिवार समेत कोतवाली पहुंचे। यहां पर उन्होंने सीओ को बताया कि रवी की अनिल यादव के साथ मित्रता थी। तिलक में चलने के लिए उसने कार मांगी थी। इस पर उनका पुत्र कार लेकर तिलक समारोह में गया था। उधर एसपी कलानिधि नैथानी ने लापता रवि कुमार के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगवा दिया है।
सिपाहियों के हौसले को किया सलाम
कार दुर्घटना के दौरान सोमवार मध्य रात्रि को काफी तेज बारिश हो रही थी। तेज हवाएं भी चल रही थीं। इतने खराब मौसम व छाए अंधेरे के बावजूद भी फायर सर्विस के एचसीपी रामबाबू, सिपाही गोमती, कोतवाली के मुंशी सुशील कुमार, सीओ के गनर प्रवीन कुमार व कार चालक शशिकांत ने तालाब में घुसकर अपना हौसला दिखाते हुए चार जानें बचाई। उधर एसपी ने बताया कि बहादुरी का प्रदर्शन करने वाले पांचों सिपाहियों को वह अपने स्तर से पुरस्कृत करेंगे। साथ ही शासन को भी लिखा जाएगा।