राजकीय मेडिकल कालेज की मोर्चरी से लावारिस शव घसीटते स्वास्थ्य और पुलिसकर्मी। (फाइल फोटो)
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। मानवता को शर्मसार कर देने वाले मामले को संज्ञान में लेते हुए एसपी ने आरोपी चौकी इंचार्ज और सिपाही को निलंबित कर दिया है। लावारिस शव को घसीटते हुए ले जाने का इनका वीडियो वायरल हुआ था। एडीएम स्तर से कमेटी से जांच कराई जा रही है।
राजकीय मेडिकल कालेज में लावारिस अधेड़ की मौत हो गई थी। उसके शव को मोर्चरी से निकालने चौकी इंचार्ज मुनीश कुमार, कांस्टेबल रामकुमार व स्वास्थ्यकर्मी पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने मेडिकल कालेज से मिले शव को घसीटते हुए टेंपो तक पहुंचाया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए ले गए। इसका किसी ने वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। विभाग के कामकाज की किरकिरी होने लगी।
एडीएम गजेंद्र कुमार ने तिर्वा सीओ दीपक दुबे व सीएमएस मेडिकल कालेज डॉ. दिलीप सिंह को जांच सौंपते हुए दो दिन में जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा है। गुरुवार को डीएम को जांच रिपोर्ट साैंपी जाएगी। वहीं वायरल वीडियो से किरकिरी के चलते एसपी प्रशांत वर्मा ने प्रथम दृष्टया आरोपी मानते हुए चौकी इंचार्ज और कांस्टेबल को निलंबित कर दिया।