उमर्दा व हसेरन विकास खंड में चौथे चरण के नामांकन के
पहले दिन बीडीसी के उम्मीदवारों व उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। इससे
दोनों ब्लॉक परिसरों के सामने पूरे दिन जाम की नौबत बनी रही। प्रत्याशी
अपने दर्जनों समर्थकों के साथ नामांकन के लिए पहुंचे।
उमर्दा में 395
प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि हसेरन में 303 उम्मीदवारों ने
पर्चे दाखिल किए। उमर्दा ब्लॉक में सुबह आठ बजे से नामांकन प्रक्रिया
शुरू हुई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ब्लॉक परिसर में मुख्य गेट से पहले दो
बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
सिर्फ उम्मीदवारों व उनके
प्रस्तावकों को ही अंदर जाने दिया गया। नामांकन के लिए ब्लॉक में 14 काउंटर
बनाए गए थे। समर्थकों के अंदर न घुस पाने के कारण कोतवाली से लेकर
इलाहाबाद बैंक तक तिर्वा-कन्नौज मार्ग तक समर्थकों का हुजूम खड़ा रहा।
उम्मीदवारों और समर्थकों के वाहन सड़कों के दोनों ओर लगे रहे।
जिससे कई बार
रोड जाम की नौबत आई। पुलिस ने कई बार लाठियां पटककर जाम खुलवाया। सपा
के तिर्वा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी अजय वर्मा ने अपने समर्थकों के साथ
कुढ़िना ग्राम पंचायत के वार्ड 105 से तीन सेटों में नामांकन पत्र दाखिल
किया। इसी तरह जनखत तृतीय के वार्ड 118 से सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र
वर्मा ने अपना नामांकन दाखिल किया।
निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, 395
उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल हुए हैं। शनिवार को भी नामांकन प्रक्रिया
जारी रहेगी। उधर, हसेरन विकास खंड में भी नामांकन करने वालों की सुबह से ही
भारी भीड़ जुटी। तमाम उम्मीदवार अपने दर्जनों समर्थकों के साथ ब्लॉक परिसर
पहुंचे। इस ब्लॉक में 60 सीटों पर चुनाव होना है। इसके लिए 303
उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं।