छिबरामऊ। कोहरे के कारण निगम मंडी फीडर लाइन का इंसुलेटर फट गया। शिकायत पर बिजली कर्मी रात भर फाल्ट ढूंढते रहे, लेकिन फाल्ट नहीं मिल सका। लाइन की मरम्मत न हो पाने के कारण पश्चिमी बाईपास से डायट के बीच बसी बस्ती के अलावा कांशीराम व इंदिरा आवास काॅलोनी में पूरी रात अंधेरा रहा।
निगम मंडी लाइन में फाल्ट आने के कारण शुक्रवार रात 9.45 बजे ब्रेक डाउन लिया गया। काफी देर तक बत्ती न आने पर पश्चिमी बाईपास निवासी मकदूम अली, हरिओम दुबे, आशुतोष द्विवेदी, अनुज चौहान आदि ने बिजली घर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। लाइनमैन रवि कुमार टीम के साथ फाल्ट ढूंढने में जुट गए पर फाल्ट नहीं मिला। पूरी रात बिजली न आने के कारण कांशीराम, इंदिरा आवास काॅलोनी समेत पश्चिमी बाइपास से डायट रोड बंबा तक दो हजार घर व दुकानें में अंधेरा रहा। सुबह जब लोग सोकर उठे तो बिजली न आने के कारण उन्हें पेयजल किल्लत से भी जूझना पड़ा। सुबह करीब 9.30 बजे बिजली कर्मियों को फर्रुखाबाद चौराहे स्थित मॉडल शाॅप के पास लाइन का इंसुलेटर फटा मिला। क्षतिग्रस्त इंसुलेटर बदलने के बाद 9.45 बजे इन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी। जेई करन जायसवाल ने बताया कि लाइन ब्रेकडाउन होने की जानकारी मिली थी, लेकिन किस कारण रात भर बिजली गुल रही, यह संज्ञान में नहीं है।