सौरिख। औरैया से डीसीएम में गोवंशों को लेकर बिहार जा रहे दो गो तस्करों को बजरंग दल की टीम ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।बजरंग दल सह संयोजक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गोवंशों को नगर पंचायत गोशाला के सुपुर्द कर दिया।
औरैया जनपद के अजीतमल के बाबरपुर के इस्लामनगर निवासी चालक सगीर तथा क्लीनर आशिक औरैया से डीसीएम में आठ गोवंशों को लादकर बिहार जा रहे थे। गोवंशों को अजीतमल के जगदीशपुर निवासी नीरज कुमार दोहरे ने किराये पर लेकर जा रहे थे। देर रात डेढ़ बजे बजरंग दल जिला सह संयोजक चेतन बजरंगी ने सूचना के आधार पर टीम के साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के कट पर रोक लिया।
चालक से गोवंशों की खरीद-फरोख्त के कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम समेत चालक क्लीनर को हिरासत में लेकर गोवंशों को नगर पंचायत की गौशाला के सुपुर्द कर दिया। चेतन बजरंगी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि दो गोवंश तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीसरे आरोपी नीरज की तलाश शुरू कर दी गई।