छिबरामऊ। संयुक्त चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में लगे वाटर कूलर के पास फैले पानी से फिसलकर दो लोग घायल हो गए। इनमें एक बुजुर्ग महिला का कूल्हा फ्रैक्चर हो गया, परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।
सोमवार को ग्राम सराय गूजरमल निवासी शांति देवी (70) पत्नी रामनरेश आंख का इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंची थीं। दवा खाने के लिए वह पानी लेने इमरजेंसी वार्ड में लगे वाटर कूलर के पास पहुंचीं तो वहां फर्श पर फैले पानी के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिरकर घायल हो गईं। मौजूद परिजन व स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें उठाया। अत्यधिक दर्द होने के कारण एक्स-रे कराने पर पता चला कि शांति देवी का कूल्हा फ्रैक्चर हो गया है। गंभीर चोट के चलते परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। इसी तरह ग्राम तुलसीपुर निवासी सूरज सिंह (56) भी वाटर कूलर से पानी पीने गए थे। वहां फैले पानी के कारण उनका पैर फिसल गया और गिरने से उनकी कोहनी में चोट आ गई। उन्होंने अस्पताल में ही उपचार कराया। इस संबंध में सीएमएस डाॅ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि इस तरह की लापरवाही हुई तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।