कन्नौज। अक्तूबर की शुरुआत के साथ ही मच्छरजनित बीमारियों ने पैर पसारना शुरू कर दिया है। सितंबर में जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या आठ थी। शुक्रवार को उमर्दा ब्लॉक में दो डेंगू से पीड़ित मिले हैं, जिसके बाद डेंगू पीड़ितों की संख्या 12 पहुंच गई है। इसके अलावा 42 लोग मलेरिया की चपेट में आ चुके हैं।
इत्रनगरी में हर साल डेंगू कहर बरपाता है। पिछले साल भी 400 लोग डेंगू से पीड़ित हुए थे। सितंबर माह तक जिले में आठ लोग डेंगू से पीड़ित हुए, जिसके बाद डेंगू का प्रकोप कम रहने की आशंका जताई जा रही थी। अक्तूबर में डेंगू ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। चार दिनों में चार लोग डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं।
मेडिकल कॉलेज में उमर्दा ब्लाॅक के ग्राम फतेपुर और धारा के दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मलेरिया के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। चार दिनों में तीन मरीज मलेरिया के मिल चुके हैं, जिसके बाद संख्या 42 पहुंच गई है। मलेरिया अधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि मच्छरजनित बीमारियों के प्रकोप को कम करने क लिए लगातार एंटी लार्वा का छिड़काव और फागिंग कराई जा रही है। मलेरिया और डेंगू से पीड़ित मिले मरीजों को बेहतर इलाज मिल रहा है।