कन्नौज। जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो लोगों की मेडिकल कॉलेज में कोरोना से मौत हो गई। 190 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक जिले में 8239 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण एक के बाद एक की जान ले रहा है। बुधवार को कोरोना संक्रमण से मेडिकल कालेज तिर्वा में उपचार ले रहे इंदरगढ़ निवासी हवलदार सिंह(82) व तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव गूरा निवासी दिलीप मिश्रा(38) की मौत हो गई। पिछले वर्ष से अब तक 88 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
कोरोना संक्रमित 2034 को उपचार दिया जा रहा है। अब तक 6118 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। बुधवार को कोरोना संक्रमित से अधिक लोग ठीक हुए हैं। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में सीएमओ कार्यालय में एक, 100 बेड छिबरामऊ में दो, सीएचसी कन्नौज में एक, जिला न्यायालय में एक, स्टेट बैंक सरायमीरा में एक, मेडिकल कॉलेज में पांच, बैंक ऑफ बड़ौदा छिबरामऊ में एक, सीएचसी जलालाबाद में एक, सीएचसी तिर्वा एक, सीएचसी गुरसहायगंज में एक, इंडियन बैंक में एक कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुआ है।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप का कहना है कि लॉकडाउन से कोरोना पर अंकुश लगेगा। नियमित कोरोना की जांचे अधिक हो रही हैं। इसके बाद भी बीते दो दिनों से पॉजिटिव लोग कम निकल रहे हैं। लोग लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करें। यदि जरूरी हो तो घर से निकलें। घर से निकलते समय मॉस्क का हर हाल में प्रयोग करें। एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण पर काफी अंकुश लगा जाएगा।