जलालाबाद में सड़क बनने के दो दिन बाद ही उखड़ रही गिट्टी दिखाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के सराय मोहल्ला में लाखों की लागत से जिला पंचायत की ओर से बनवाई जा रही सीसी रोड में मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। मानक के अनुसार रोड न बनने पर ग्रामीण भड़क गए और शिकायती पत्र डीएम को भेजा है। इसमें घटिया रोड दोबारा बनवाने की मांग की गई है।
डीएम को भेजे शिकायती पत्र में ग्रामीण मो. रब्बानी, रफीक अहमद, शफीक अहमद, अनिल द्विवेदी, अनुपम तिवारी, मो. आलम ने बताया है कि ठेकेदार ने सीसी रोड में सीमेंट का कम प्रयोग किया गया है। मानक की अनदेखी करने से रोड बनने के दो दिन बाद ही उखड़ने लगी है। अनियमितताओं के कारण ही ठेकेदार ने रात के वक्त जल्दबाजी में रोड बनाई है। प्रधान मालती देवी के प्रतिनिधि विवेक पाठक ने कहा कि ठेकेदार ने मनमाने तरीके से सड़क बनवाई है। सदर विधायक अनिल दोहरे व जिला पंचायत अध्यक्ष के पति को घटिया निर्माण की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने मौके पर जेई को भेजकर जांच कराने का आश्वासन दिया है।