तिर्वा। जल निगम की ओर से वर्ष 2018-19 में दो करोड़ रुपये की लागत से दो टंकियों का निर्माण कराने के साथ घरों तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप लाइन बिछाई गई थी। योजना का उद्देश्य कस्बे के प्रत्येक मोहल्ले तक पानी पहुंचाना था लेकिन सात साल बीतने के बाद भी यह उद्देश्य पूरा नहीं हो सका है। आज भी कई गलियां पाइप लाइन के दायरे से बाहर हैं और वहां के लोगों को पेयजल आपूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जल निगम की ओर से पाइप लाइन बिछाई गई लेकिन कई जगहों पर यहां आए दिन पाइप लाइन में लीकेज होने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती रहती है। लीकेज ठीक करने के लिए सड़कों की खोदाई की जाती है। सड़क की मरम्मत न होने पर आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। बार-बार खोदाई और मरम्मत के चलते सड़कें भी बदहाल होती जा रही हैं। विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल यह है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बिछाई गई पाइप लाइन महज सात साल में ही बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है।
निर्माण के समय गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच किस स्तर पर की गई थी। वहीं, कई गलियों को पाइप लाइन से जोड़ने की योजना अब तक अधूरी क्यों है। लोगों ने पेयजल व्यवस्था की तकनीकी जांच कराने, लीकेज की समस्या का स्थायी समाधान करने और पाइप लाइन से वंचित गलियों को योजना से जोड़ने की मांग की है। ईओ बबलू सिंह ने बताया कि बिछाई गई पाइप लाइन पूर्ण रूप से जर्जर हो गई है। कस्बे में नई पाइप लाइन बिछवाने को लेकर जल निगम को डेढ़ करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।