गुरसहायगंज। मायके से लौट रही महिला को रास्ते से दो भाई बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि 15 दिनों तक एक सुनसान मकान में कैद कर अमानवीय व्यवहार किया। महिला ने भागने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पति की तहरीर पर रविवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र की चौकी समधन क्षेत्र के ग्राम भज्जापुर्वा निवासी अमित कुमार ने बताया कि पत्नी सोनी 21 सितंबर को मायके से ससुराल लौट रही थी। इसी दौरान फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा चौकी क्षेत्र के खैराबाद निवासी उत्तम कुमार व सर्वेश कुमार उसे अपने साथ ले गए, जो मल्लपुर्वा में दुकान किए हैं। आरोप है कि दोनों ने कोतवाली गुरसहायगंज के मिरगांवा गांव के पास स्थित एक सुनसान मकान में सोनी को 15 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान जब महिला ने वहां से भागने की कोशिश की, तो उसके साथ गालीगलौज व पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह घर पहुंची महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के पति अमित कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।