छिबरामऊ। पूर्वी बाईपास पर टायर की हवा चेक कर रहे ट्रक चालक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सौ शैया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा कर मृतक के परिजनों को सूचना दे दी।
पटियाला के मोहल्ला हीराबाग निवासी वीरेंद्र वालिया (35) पुत्र सरदार सिंह ट्रक चालक थे। वह ट्रक में माल लादकर पटियाला से कानपुर जा रहे थे। छिबरामऊ पहुंचने पर रात करीब एक बजे वह पूर्वी बाईपास स्थित पापा होटल के पास हाईवे पर ट्रक रोक कर टायरों की हवा चेक कर रहे थे। तभी उधर से गुजरे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सौ शैया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई रिंकू ने बताया कि भाई वीरेंद्र ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी प्रीति, बेटी सीरत व बेटा फतेहवीर बदहवास है।