छिबरामऊ। ग्राम सरायसुंदर में एक माह पहले ट्रांसफार्मर चोरी होने से आठ नलकूप बंद पड़े हैं। इस कारण 500 बीघे खेतों में सिंचाई ठप है। ग्रामीण परेशान हैं और बिजली निगम से तत्काल व्यवस्था बहाल करने की गुहार लगा रहे हैं।
ग्राम सरायसुंदर में 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगा था, जिससे आठ नलकूपों को बिजली आपूर्ति होती थी। 30 दिसंबर 2025 की रात चोरों ने ट्रांसफार्मर से क्वाइल और तेल आदि कीमती सामान चुरा लिया। सिफ मौके पर खाली बक्सा छोड़ा गया। ग्रामीणों ने उसी दिन बिजली निगम को घटना की सूचना दी थी, लेकिन एक महीने बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। इस देरी के कारण खेतों की समय पर सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों का कहना है कि यदि अगले दो-तीन दिनों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उनकी पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी। खेतों में तैयार हो रही फसलें पानी के बिना नष्ट होने के कगार पर हैं।
मनोज कुमार, नंदकिशोर, हरिओम, शिवकिशोर, प्रमोद आदि ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) रवींद्र कुमार से मिलकर अपनी समस्या बताई। एसडीओ ने आश्वासन दिया है कि इस्टीमेट बनवा लिया गया है और एक-दो दिनों में ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। हालांकि, ग्रामीण इस आश्वासन को लेकर आशंकित हैं क्योंकि समस्या को एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है।
-