घटनास्थल पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : KANNAUJ
जलालाबाद(कन्नौज)। साइकिल से खरीदारी कर घर लौट रहे युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। युवक ट्रक में फंसकर करीब सौ मीटर तक घिसटता चला गया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित परिजनों ने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। इन्होंने हंगामा किया। इस दौरान कोतवाल से नोकझोंक भी हुई।
गुरसहायगंज कोतवाली के गांव पांडेयपुरवा निवासी सोनू (18) पुत्र राम किशोर पांडेय रविवार सुबह करीब दस बजे साइकिल से जलालाबाद खरीदारी करने आया था। लौटते वक्त पांडेयपुरवा गांव के पास फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे ट्रक ने सोनू को टक्कर मार दी। वह ट्रक के साथ करीब सौ मीटर तक साइकिल सहित घिसटता रहा। हादसे को अंजाम देकर भाग रहे ट्रक को पुलिस ने जसोदा कस्बे के पास पकड़ लिया। हादसे की जानकारी पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इन्होंने जीटी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। यह मुआवजे की मांग करने लगे।
मौके पर पहुंचे कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक और जसोदा चौकी प्रभारी सुरेश कुमार ने परिजनों को समझाते हुए शव हटाने का प्रयास किया। इससे परिजन भड़क गए। इनकी कोतवाल से नोकझोंक हुई। कोतवाल के समझाने पर करीब आधा घंटे बाद परिजनों ने जाम खोला। मृतक के बड़े भाई विकास ने बताया कि सोनू बीएससी करने के बाद गांव में रहकर पिता के साथ खेतीबाड़ी का काम करता था। भाई की मौत से परिवार सदमे में है।