कन्नौज। इन दिनों यातायात माह चल रहा है। ट्रैफिक पुलिस लोगों को यातायात के नियम समझा रही है। जगह-जगह जागरुकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, लेकिन भाई दूज के मौके पर यह सभी कोशिश बेकार साबित हो गई। संसाधनों की कमी पड़ने पर लोग अपने अपने वाहनों से निकले और यातायात नियमों की खूब धज्जियां उड़ाईं गईं। त्योहार की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती नहीं दिखाई।
रविवार को भाई दूज के मौके पर फिर चाहे लोग अपने दो पहिया से निकले हों या फिर उन्होंने तिपहिया की मदद ली हो, सभी जगह ओवरलोडिंग देखने को मिली। शहर में अलग अलग रास्तों से निकले लोग जब अपने दो पहिया वाहनों से गुजरे तो उन पर मानक से ज्यादा सवारियां बैठीं दिखीं। बाइक और स्कूटर पर बच्चों को आगे बैठाकर सफर करते दिखे।
इसी तरह भाइयों को तिलक लगाने जा रहीं युवतियां भी बिना हेलमेट लगाए सफर करती दिखीं। एक ही स्कूटी पर तीन-तीन युवतियां सवार होकर जान को खतरे में डालतीं दिखीं। ऑटो रिक्शा और टैंपो पर भी मानक से ज्यादा सवारियां बैठाकर सफर किया गया। उन्हें रोकने या टोकने के लिए कोई सख्ती भी नहीं दिखी। हालांकि रोडवेज बस स्टॉप व तिर्वा क्रासिंग के करीब ट्रैफिक बूथ पर ट्रैफिक पुलिस की टीम मुस्तैद रही, लेकिन त्योहार की गहमा-गहमी के बीच किसी तरह की सख्ती नहीं बरती गई। इसका लोगों ने खूब फायदा भी उठाया।
इनसेट
यातायात पुलिस ने पर्व को लेकर की कवायद
भाई दूज पर यातायात सुचारु रखने की कवायद शुरू हुई। ट्रैफिक पुलिस सुबह से बस स्टेशन के आसपास पसीना बहाती रही। भीड़ के कारण सड़क पर वाहन नहीं रुकने दिये गये। रोडवेज बसों को स्टेशन पर खड़ा कर सवारियों को बैठाया। अपनी टीम के साथ सुबह से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। यातायात प्रभारी आफाक खां व टीएसआई अरशद अली ने माइक के जरिये वाहन चालकों को निर्देशित करते रहे।