सड़क किनारे पलटा ट्रैक्टर व बिखरा सामान।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम (कन्नौज)। ताहपुर-छिबरामऊ मार्ग पर चौखटा चौराहे के पास टेंट का सामान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए। चालक मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घायलों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। यहां से दो घायलों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया।
माधौनगर निवासी संजीव लाल के बेटे के तिलक समारोह के बाद गुरुवार दोपहर मधई नगला निवासी उनके रिश्तेदार हरीराम सिंह के ट्रैक्टर से टेंट का सामान लेकर तीन मजदूर तालग्राम के लक्ष्मी टेंट हाउस पर जा रहे थे। ट्रैक्टर को गांव का एक युवक चला रहा था। ताहपुर-छिबरामऊ मार्ग पर चौखटा चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में कपूरापुर के मजदूर कमलेश (34), देवेंद्र (30) और गोलू (22) ट्राली व कुर्सी मेजों के नीचे दब गए। चीख सुनकर लोग दौड़ पड़े। घायलों को बाहर निकलकर पास के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर मौके से भाग निकला। देवेंद्र व कमलेश की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली।
.