फोटो 02- रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक चेक करते ट्रैक मेंटनर। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कानपुर-कासगंज रेल मार्ग पर फर्रुखाबाद के खुदागंज स्टेशन के पास पैसेंजर ट्रेन के बेपटरी होने के बाद से ट्रैक पर रेलवे कर्मचारियों की फौज लगा दी गई। चेकिंग के बाद खराब पटरियों को बदलने का काम तेज हो गया है। इस दौरान ट्रेनों को कॉसन देकर धीमी गति से निकाला जा रहा है।
पड़ोसी जनपद फर्रुखाबाद के खुदागंज रेलवे स्टेशन के पास 28 अक्तूबर की सुबह कानपुर जाते समय पैसेंजर ट्रेन की बोगी ट्रैक से उतर गई थी। गति धीमी होने के कारण बड़ा हादसा टल गया था। रविवार को कन्नौज रेलवे स्टेशन से जसोदा स्टेशन तक ट्रैक की चेकिंग शुरू हुई। छह स्थानों पर पटरियों में लचक मिलने पर उन्हें बदला गया। ट्रैक पर लगी क्लिप और ज्वाइंट्स भी चेक किए गए। कर्मचारियों ने बताया कि करीब 15 दिनों तक कन्नौज से फर्रुखाबाद तक रेलवे ट्रैक को चेक किया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि तब तक ट्रेनों को धीमी गति से निकाला जाएगा।