तालग्राम(कन्नौज)। विद्युत उपकेंद्र तालग्राम में लगा 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर मंगलवार सुबह फुंक गया। इससे कस्बे के अलावा 50 से ज्यादा गांवों में आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली न आने से उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हैं। पानी का संकट गहरा गया है।
मंगलवार सुबह फीडर में तेज धमाका हुआ। इसी के साथ ट्रांसफार्मर फुंक गया। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े टाउन फीडर, भोजापुर फीडर और ताहपुर फीडर ठप हो गए। रनवां, मुसाफिरपुर, कपूरापुर, दुर्गा नगला, रौसापुर, ऊमरपुर, हाजिरापुर, तलैया, अयूबपुर, चौखटा, चंदपुर्वा, अलमापुर, जरामऊ, हसनापुर, रसूलाबाद, अकरमाबाद, महानगर, कलकत्तपुरवा, गदनापुर काजी, गदनापुर लोधी, आसमपुर पट्टी, सलेमपुर, टिकुरियन, नेकनामपुर समेत करीब 50 गांवों में बिजली गुल हो गई। ट्रांसफार्मर फुंकने की जानकारी जेई जितेंद्र कुमार ने विभाग के बड़े अफसरों को दी। टेक्निकल टीम के अनिल शर्मा, अवनीश शर्मा व सुनील यादव ने ट्रांसफार्मर चेक किया।
उधर, एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव का कहना है कि दूसरा ट्रांसफार्मर मंगाने की व्यवस्था की जा रही है। तब तक अस्थायी व्यवस्था बनाकर पांच एमवीए ट्रांसफार्मर से शेड्यूल में आपूर्ति दी जाएगी। ट्रांसफार्मर को हीट होने से बचाने के लिए आपूर्ति में कटौती भी होगी।