कन्नौज। जिले में 24 घंटों से रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने सामान्य जनजीवन को पूरी तरह अस्तव्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरकर पूरी तरह बिछ गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 30 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने सबसे ज्यादा नुकसान कृषि क्षेत्र को पहुंचाया है। अगेती धान की तैयार फसल खेत में गिरने से दानों के काले पड़ने और गलने का खतरा बढ़ गया है। उधर, डीएम की ओर से कक्षा आठ तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी व निजी विद्यालयों में आज अवकाश घोषित कर दिया गया है।
किसानों का कहना है कि इस प्राकृतिक आपदा से उनकी महीनों की मेहनत और लागत पर पानी फिर गया है। इसके अलावा मक्का और सब्जियों की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव की स्थिति बन गई है। निचले इलाकों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर जलभराव के कारण यातायात बाधित हुआ है। मौसम के बिगड़े मिजाज और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क है।
तेज हवा और बारिश से किसान चिंतित
तालग्राम। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने अगेती धान की फसल को जमीन पर बिछा दिया। मक्का, बाजरा को भी झटका लगा है, जिससे किसानों में उत्पादन घटने की चिंता है। किसान सुनील, जगवीर, मानसिंह ने बताया कि रोहली, अतरौली, किशनपुर, अमोलर, बमरौली ताहपुर, कुशलपुरवा में खड़ी धान गिर गई। खेतों में पानी भरा है। यदि पानी जल्द नहीं सूखा तो बालियां सड़ सकती हैं, दाने की गुणवत्ता बिगड़ेगी और कीट प्रकोप बढ़ेगा।किसानों के अनुसार बाजरा-मक्का कुछ जगह गिरी है, पर फिलहाल बड़ा नुकसान नहीं है।
फोटो :40: किसान धर्मेंद्र । संवाद
रोहली गांव निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि धान पकने की ओर है। तेज हवा और बारिश से जो अगेती धान फसल गिर गई है। इसमें पैदावार घटने की आशंका है। अनिल ने बताया कि धान गिरने से बालियां ज़मीन और पानी के संपर्क में आ गई है। दाने प्रभावित हो सकते हैं और बालियां सड़ सकती है। इससे नुकसान और बढ़ जाएगा।
-
फोटो :41: किसान अनिल। संवाद
पिड़ारीखेड़ा गांव निवासी किसान अनिल ने बताया कि बारिश से सब्जी की फसलों में अधिक नुकसान हुआ है। मैंने धनिया की फसल बोई थी, जो बारिश में सड़ सकती है। इसके अलावा लौकी, टमाटर, बैगन और पालक पर भी असर पड़ेगा। इससे किसानों को घाटा होगा। बारिश थमते ही सब्जियां महंगीं होने की संभावना बढ़ गई है।
वर्जन
आगामी तीन दिनों तक बदलों की आवाजाही रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा लगातार होने की संभावना है। शनिवार को धूप निकलने की संभावना नहीं है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- डॉ. वीके कनौजिया, कृषि वैज्ञानिक
कक्षा आठ तक के सभी स्कूल बंद : डीएम
सभी उपजिलाधिकारियों और राजस्व टीमों को नुकसान का आकलन करने के लिए क्षेत्रों में भेजा है। कृषि विभाग को भी फसलों के नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के कारण शनिवार को कक्षा आठ तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।
-आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, जिलाधिकारी