तिर्वा। हसेरन तहसील के विरोध में वकीलों की चली आ रही अनिश्चितकालीन हड़ताल शनिवार को भी जारी रही। कोई भी कार्यालय न खुलने के कारण दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले वाद कारी और किसान मायूस होकर वापस लौट गए। उधर तहसील के अधिवक्ताओं ने अपनी शर्ट उतारकर शासन व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश शुक्ला और लायर्स बार के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह वैस के संयुक्त नेतृत्व में तहसील के अधिवक्ताओ ने पूरे दिन एसडीएम कार्यालय के सामने धरना देकर नारेबाजी की। अर्द्घ नग्न होकर प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान अध्यक्ष ने कहा कि हसेरन ब्लाक की ग्राम सभा पूराराय के प्रधान राजनरायन गुप्ता, उद्यमपुर की प्रधान मुन्नी देवी, कलसान की प्रधान रजनी सिंह सेंगर ने उनको लिखित रुप से तिर्वा तहसील में ही ग्राम सभा संबद्ध रखे जाने को पत्र दिया है।
इसके अलावा करीब एक दर्जन ग्राम प्रधान भी वकीलों के आंदोलन के साथ है। इन सभी का कहना है कि वह हसेरन की अपेक्षा तिर्वा तहसील से ही जुड़े रहना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोमवार को तिर्वा के वकील तहसील के सामने तिर्वा-कन्नौज रोड जाम कर प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन में कलक्टर सिंह यादव, संजय शुक्ला, परमानंद तिवारी, कमलेश पाल, संजीव तिवारी, राजा अवस्थी, सतीश राजपूत, अनिल वर्मा, राजेंद्र प्रकाश राजपूत, हरीशंकर राजपूत, नीरज त्रिपाठी, राजेश श्रीवास्तव, हरवेंद्र सिंह यादव, वैभव तिवारी आदि मौजूद रहे।