कन्नौज। युवती के अपहरण में अदालत ने अपहरण के दोषी को तीन वर्ष के कारावास और 10,000 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड न अदा करने पर दो माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। वहीं, पॉक्सो एक्ट के आरोप साबित नहीं हुए।
परिजन ने ठठिया थाना क्षेत्र के जोधपुरवा गांव निवासी महावीर पर आरोप लगाया कि वह दो अक्तूबर की रात युवती को उसके घर से बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 17 मार्च 2021 को आरोप पत्र विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट की अदालत में पेश किया था। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह घटना से दो महीने पहले से ऑटो चालक महावीर को जानती थी। वह उस पर शादी का दबाव बनाता था और मना करने पर उसके भाइयों को टेंपो से टक्कर मारने की धमकी देता था। पीड़िता ने अदालत में बताया कि दो अक्तूबर 2019 को जब महावीर उसे ले जा रहा था, तब इंदरगढ़ तिराहा पर पुलिस ने पकड़ लिया था। वहीं पीड़िता ने एक अन्य बयान में कहा था कि उसके पिता घर पर नहीं थे, तभी महावीर रात में आया और उसे घर से ले गया। अदालत ने पाया कि पीड़िता के बयानों में विरोधाभास है। प्रथम दृष्टया पॉक्सो एक्ट के तहत आरोप प्रमाणित नहीं हो सका। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर अदालत ने महावीर को पॉक्सो एक्ट से राहत दी लेकिन अपहरण में दोष सिद्ध पाते हुए तीन वर्ष के कारावास और 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।