क्षेत्र के ग्राम पवारन नगला में अचानक लगी आग से तीन लोगों की गृहस्थी राख हो गई। अग्निकांड में एक बाइक समेत 20 हजार रुपये और अनाज राख हो गया। ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसडीएम ने लेखपाल को भेजकर नुकसान का जायजा लिया।
क्षेत्र के ग्राम पवारन नगला कसावा में ओमप्रकाश बाथम के छप्पर से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। ओमप्रकाश की पत्नी मनोरमा ने शोर मचाया तो ग्रामीण एकत्र हो गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। तेज हवा चलने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने हरीशंकर बाथम व उमाशंकर के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आसपास के ट्यूबवेल चलाकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
ओमप्रकाश ने बताया कि अग्निकांड में उनके घर में खड़ी बाइक जल गई, जबकि छप्पर में रखे 20 हजार रुपये भी राख हो गए। इसी तरह हरीशंकर के घर में 15 बोरी यूरिया खाद, 20 पैकेट आलू और 250 खाली बोरे जलकर राख हो गए। वहीं, उमाशंकर के घर में बिस्तर, अनाज और बर्तन सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड के बाद तीनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी, जिस पर एसडीएम ने मौके पर लेखपाल धर्मेंद्र सिंह को भेजा और नुकसान का जायजा लिया।
एसडीएम ने बताया कि पीड़ितों को नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।