कन्नौज। स्वाद और खुशबू के लिए मशहूर दशहरी आम इस बार कारोबारियों को रुला रहा है। जिले में आम की बंपर आवक और मांग में कमी से दशहरी के दाम औंधे मुंह गिर गए हैं। इससे बागों को एकमुश्त खरीदने वाले व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।
आम दिनों में जून के शुरुआती हफ्ते में दशहरी आम 50 रुपये प्रति किलो तक बिकता था। इस साल यह महज 30 से 35 रुपये प्रति किलो पर सिमट गया है। खुदरा बाजारों में तो 100 रुपये में तीन किलो आम बेचा जा रहा है। कारोबारी राम सिंह ने बताया कि उन्होंने लाखों रुपये देकर बागों का सौदा महीनों पहले किया था। इसके बाद रखवाली, तुड़ाई, पैकिंग और मंडी तक की ढुलाई का खर्च भी उठाना पड़ा। मौजूदा कीमतों पर लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है। जिले में करीब 5200 हेक्टेयर में आम की फसल की जाती है।