छिबरामऊ। दवाई लेने जा रहे दंपती की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए जबकि एक अन्य हादसे में सड़क पार करते समय मजदूर को बाइक ने टक्कर मार दी। तीनों घायलों को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया।
ग्राम भरौली सिरखनेपुर निवासी रामकृपाल (32) गुरुवार को बाइक से पत्नी दीपिका (27) को दवाई दिलाने के लिए जा रहे थे। ग्राम घिलोई में नेशनल हाईवे पर उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दंपती उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और घायल हो गए। वहीं, एक अन्य हादसे में श्रावस्ती के जिगुनिया गांव निवासी दुजीराम (40) एक कोल्ड स्टोरेज में ठेके पर पल्लेदारी करते हैं। दोपहर 12.15 बजे वह घिलोई गांव गए थे। सड़क पार करते समय सामने से आ रहे बाइक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसों के बाद घिलोई गांव के लोगों ने एंबुलेंस बुलवाकर दंपती समेत तीनों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। वहां से डॉक्टर ने तीनों को राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। इसी बीच हादसे की सूचना पर रामकृपाल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। वह घायलों को तिर्वा ले जाने की बजाय किसी निजी चिकित्सालय में ले गए। अस्पताल प्रशासन ने दुजीराम को मेडिकल काॅलेज भिजवा दिया।