फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन लाख मतदाता चुनेंगे प्रत्याशी

Sun, 11 Oct 2015 11:12 PM IST
ब्यूूराे/अमर उजाला, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 13 अक्तूबर को छिबरामऊ और सौरिख ब्लाकों में संपन्न होगा। छिबरामऊ क्षेत्र के 274 बूथों पर लगभग पौने दो लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 115 क्षेत्र पंचायत सदस्यों को चुनेंगे, वहीं सौरिख ब्लाक के 105 मतदान केंद्रों के 200 बूथों पर सवा लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
विज्ञापन


उधर, शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने को जिला प्रशासन ने अबकी बूथों को चार श्रेणियों में बांटा है। अतिसंवेदनशील प्लस, अति संवेदनशील, संवेदनशील और सामान्य मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिन पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। छिबरामऊ विकास खंड क्षेत्र में जहां जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चार वार्ड हैं, वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 115 सीटें हैं।

क्षेत्र के एक लाख 76 हजार 686 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चार जिला पंचायत सदस्य और 115 क्षेत्र पंचायत सदस्यों का चुनाव करेंगे। अबकी 147 मतदान केंद्रों पर 274 बूथ बनाए गए हैं। पहले की अपेक्षा इस बार तीन बूथ बढ़े हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 114 वार्डों में 830 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
विज्ञापन


एक क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गया है। उधर, ब्लाक मुख्यालय में सुबह से ही प्रत्याशियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर बाद सहायक निर्वाचन अफसरों ने मतदान के लिए सभी प्रत्याशियों के पहचान पत्र बनाने का काम शुरू किया, जो देर शाम तक चलता रहा।

बीडीओ अनिल कुमार और निर्वाचन अधिकारी जीसी यादव की देखरेख में रविवार की दोपहर से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के पहचान पत्र बनाने का काम शुरू किया गया। हालांकि, प्रत्याशी सुबह से ही ब्लाक परिसर में एकत्र होने शुरू हो गए थे। इनमें महिला प्रत्याशियों की भी अच्छी खासी संख्या थी।

पहचान पत्र बनने का काम शुरू होते ही संबंधित वार्डों की खिड़कियों पर प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने कवायद कर किसी तरह उनकी लाइनें लगवाई। तब कहीं जाकर व्यवस्थित ढंग से पहचान पत्र बनने का काम शुरू हो सका।

उधर, दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। एक ओर जहां मतदान केंद्रों पर बूथ बनाने का काम लेखपालों की देखरेख में चल रहा है। वहीं मंडी समिति से सोमवार को पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। इसके लिए रविवार की देर रात तक बैरीकेडिंग, लाइटिंग आदि की तैयारियां चलती रहीं।

एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, सीओ वीपी सिंह सोलंकी, बीडीओ अनिल कुमार और निर्वाचन अधिकारी जीसी यादव ने मंडी समिति पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए। रविवार को मंडी समिति में पोलिंग पार्टियों के रवाना करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर बैरीकेडिंग की गई।

साथ ही स्ट्रांग रूम के आसपास भी सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक पैमाने पर बैरीकेडिंग का कार्य कराया गया। उधर, सौरिख ब्लाक में दूसरे चरण में लगभग सवा लाख मतदाता 105 मतदान केंद्रों के 200 बूथों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

जिला पंचायत सदस्य पद के चार वार्डों के लिए 108 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के 82 सीटों पर 592 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 13 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए क्षेत्र के 200 बूथों पर एक लाख 28 हजार 342 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

ऋषिभूमि इंटर कालेज को मतगणना स्थल बनाया गया है। सोमवार को यहां से पोलिंग पार्टियां रवाना की जाएंगी। रविवार को एसडीएम महेश प्रसाद दीक्षित, सीओ वीपी सिंह सोलंकी, बीडीओ देवकुमार यादव ने मतगणना स्थल का निरीक्षण कर कराई जा रही बैरीकेडिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को देखा और जरूरी निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें